लखनऊ में बैंक कर्मियों का जोरदार विरोध, 5 दिवसीय कार्य प्रणाली की मांग

लखनऊ। सोमवार को लखनऊ में हजरतगंज स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रांगण में बैंक कर्मियों ने यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से सप्ताह में 5 दिवसीय कार्य प्रणाली लागू करने की मांग की और इस दौरान “इस मदहोश सरकार को एक झटका और दो” के नारे लगाए।

लंबे समय से 5-दिवसीय कार्य की मांग

बैंक कर्मियों के महासचिव दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बैंक कर्मी लंबे समय से 5 दिवसीय कार्य की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी जा रही। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों पर लगातार बढ़ता तनाव और दबाव उनके वर्क-लाइफ बैलेंस को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया तो बैंक कर्मचारी लंबे संघर्ष और हड़ताल के लिए तैयार हैं।

महासचिव ने यह भी बताया कि आरबीआई, एलआईसी और जनरल इंश्योरेंस जैसी संस्थाओं में पहले ही 5 दिवसीय कार्य प्रणाली लागू है, इसलिए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में इसे लागू करना अनिवार्य है।

देशव्यापी हड़ताल का ऐलान

प्रदर्शन में शामिल अजय पांडेय ने कहा कि पिछले सात साल से बैंक कर्मी 5 दिवसीय कार्य प्रणाली की मांग कर रहे हैं। हालांकि सरकार ने लिखित में कहा था कि समझौते के बाद इसे लागू किया जाएगा, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते 27 जनवरी को देश भर में बैंक हड़ताल का निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button