वाराणसी। वाराणसी की दालमंडी में आज दोपहर बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई फिर शुरू होगी। दुकानों की बिजली काट दी गई है और 187 मकान मालिकों को करीब 191 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया गया है। सोमवार को दुकानों को ढहाने का काम जारी रहेगा।
सपा सांसद वीरेंद्र सिंह धरने पर बैठे
चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने दालमंडी के व्यापारियों से मिलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद उन्होंने लगभग 100 समर्थकों के साथ टैगोर कालोनी में धरना शुरू कर दिया।
सांसद ने कहा, “हम दालमंडी जरूर जाएंगे।” वहीं, पूर्व मंत्री मनोज राय ने कहा कि सरकार रोजगार नहीं दे रही बल्कि कारोबार छीन रही है।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
इस दौरान एडीएम सिटी आलोक वर्मा, DCP वरुण, ACP कैंट नितिन तनेजा समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक चले धरने के बाद, एडीएम सिटी के आश्वासन पर सपा सांसद ने धरना समाप्त किया।
रविवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रही
रविवार शाम जिला प्रशासन ने एक दुकान के ऊपर बने 2 फ्लोर को ढहा दिया था। अब उसके बचे हिस्से को आज गिराया जाएगा। रविवार शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक 8 मजदूरों ने करीब 4 घंटे तक हथौड़ा चलाया।







