यूपी के 15 जिलों में घना कोहरा, विजिबिलिटी शून्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। गुरुवार सुबह राजधानी लखनऊ, प्रयागराज समेत प्रदेश के करीब 15 जिले घने कोहरे की चपेट में रहे। कई इलाकों में हालात ऐसे रहे कि कोहरा बारिश की तरह गिरता नजर आया, जिससे सड़कें गीली हो गईं और दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई। सड़कों पर आगे कुछ भी दिखाई देना मुश्किल हो गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

कोहरे के चलते प्रदेश में कई सड़क हादसे सामने आए हैं। लखीमपुर-खीरी जिले में जलालपुर गांव के पास हाईवे पर तेज रफ्तार एक कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में बहराइच निवासी पति, पत्नी और उनके साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण बड़ा हादसा हो गया। यहां बस और कारों समेत करीब 10 वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ नजर आ रहा है। कानपुर समेत कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 25 से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों को ठंड में प्लेटफॉर्म पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button