
अम्बेडकरनगर, संवाददाता। दीपों के पर्व दीपावली के शुभ अवसर पर नारायण फाउंडेशन के संरक्षक एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता विवेक मौर्य ने जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर अग्रसर होने का प्रतीक है और यह पर्व हमें सकारात्मकता, एकता और परोपकार का संदेश देता है।
विवेक मौर्य ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा है। यह त्योहार हर वर्ग, हर समुदाय को एक साथ जोड़ता है और समाज में भाईचारे की भावना को प्रबल करता है। उन्होंने जनपदवासियों के सुख, समृद्धि एवं उन्नति की कामना करते हुए सभी से आग्रह किया कि पर्व को उत्साह, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाएं।
समाजसेवा ही संकल्प – विवेक मौर्य
बीजेपी नेता विवेक मौर्य ने कहा कि नारायण फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, और स्वावलंबन के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से दीपावली पर जरूरतमंद परिवारों को राशन, वस्त्र और मिठाइयों के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं ताकि हर घर में दीप जले।
परंपरा, संस्कृति और विकास का संगम हो दीपावली – मौर्य
विवेक मौर्य ने कहा कि आज के समय में पर्वों की आत्मा को जीवित रखना आवश्यक है। दीपावली न केवल लक्ष्मी पूजन और रोशनी का पर्व है, बल्कि यह आत्मावलोकन और सामाजिक समर्पण का भी अवसर है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे भारतीय परंपराओं को समझें और तकनीक के साथ मिलकर संस्कृति का संवर्धन करें।









