- सावन के हर सोमवार को मंदिर में भव्य मेले का आयोजन
- श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूट डायवर्जन और सुरक्षा प्रबंध
- महिला श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति
आगरा। सावन के पहले सोमवार को आगरा के शमशाबाद रोड स्थित राजेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। बेलपत्र, जल और आस्था से लबरेज शिवभक्त सुबह से ही लंबी कतारों में लगकर भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के उद्घोष से गूंज उठा।
800 साल पुराना है शिव मंदिर, शिवलिंग खुद विराजमान हुआ था
मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश रावत ने बताया कि यह मंदिर करीब 800 वर्ष पुराना है। मान्यता है कि एक सेठ नर्मदा नदी से शिवलिंग लेकर आ रहे थे। शमशाबाद में विश्राम के दौरान शिवलिंग वहीं स्थापित हो गया और उठाया नहीं जा सका। इसे शिव की इच्छा मानकर मंदिर का निर्माण कराया गया।
दिन में तीन बार रंग बदलता है शिवलिंग
यह मंदिर अपने विशेष शिवलिंग के लिए भी प्रसिद्ध है। नर्मदेश्वर शिवलिंग सुबह सफेद, दोपहर में नीला, और शाम को गुलाबी रंग का हो जाता है। यह अद्भुत दृश्य भक्तों के लिए चमत्कारिक अनुभूति बन चुका है।
दर्शन मात्र से पूरी होती है मनोकामना
मंदिर के महंत और भक्तों के अनुसार, बाबा राजेश्वर महादेव के दर्शन मात्र से मनोकामना पूर्ण हो जाती है। श्रद्धालु चाहें तो मंदिर के बाहर से ही शिखर को नमन कर आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं।








