- 18 जुलाई से जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण शुरू
- 1 जनवरी 2025 तक 18 वर्ष के युवा जुड़ सकेंगे वोटर लिस्ट में
- बीएलओ 14 अगस्त से 29 सितंबर तक करेंगे घर-घर सर्वे
अंबेडकरनगर। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार 18 जुलाई से मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो जाएगा। इस अभियान में नए मतदाता जोड़ने, पुराने नाम हटाने और नामों में संशोधन की प्रक्रिया शामिल होगी। अंतिम मतदाता सूची 15 जनवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
युवाओं को पहली बार वोटर बनने का मौका
इस पुनरीक्षण में 1 जनवरी 2025 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे सर्वे
बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) 18 जुलाई से 13 अगस्त तक अपने जिम्मेदार क्षेत्रों में सक्रिय रहेंगे। इसके बाद 14 अगस्त से 29 सितंबर तक वे घर-घर जाकर योग्य मतदाताओं की जानकारी एकत्र करेंगे। इस दौरान 14 से 22 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी जाएगी।
गांवों में शुरू हुआ जोड़-घटाव
गांवों में मतदाता सूची को लेकर गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। ग्रामीण पुराने वोट चेक कर रहे हैं और नई एंट्री के लिए तैयारी शुरू कर चुके हैं। कहीं नाम जुड़वाने की चर्चा है, तो कहीं गलत या पुराने नाम हटाने की।








