भाजपा जिलाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जिले पहुंचे दिलीप देव पटेल

कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, मंदिर दर्शन और पैदल मार्च के बाद पहुंचे अटल भवन

अंबेडकरनगर। भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल के जिले में प्रथम आगमन पर मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत किया। जिला मुख्यालय स्थित पुरानी तहसील तिराहे पर बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के समर्थन में नारे लगे और ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला गया।

जिलाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जिले पहुंचे दिलीप देव पटेल ने पुरानी तहसील स्थित हनुमान मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च शुरू हुआ। यात्रा पटेल नगर पहुंची, जहां उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की गई।

चार किलोमीटर पैदल मार्च के बाद पहुंचे जिला कार्यालय

कार्यकर्ताओं के साथ लगभग चार किलोमीटर की यात्रा के बाद दिलीप देव पटेल भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन पहुंचे। यहां महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। कार्यालय परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में उन्हें फूल मालाओं से सम्मानित किया गया। उनके प्रथम आगमन के अवसर पर सुंदरकांड पाठ का भी आयोजन किया गया।

संगठन को मजबूत करना होगी प्राथमिकता

स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए दिलीप देव पटेल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं का सम्मान और पार्टी कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button