नगराम के सरसों के खेत में मिले कंकाल का खुलासा

30 वर्षीय महिला पूनम की गला दबाकर हत्या

रिश्ते के भतीजे ने ही दिया वारदात को अंजाम

शादी का वादा टूटने से नाराज था आरोपी

लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के कुबहरा गांव में सरसों के खेत से मिले मानव कंकाल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कंकाल 30 वर्षीय महिला पूनम का था, जिसकी हत्या उसके ही रिश्ते के भतीजे ने गला दबाकर की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से मृतका के गहने भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, कुबहरा गांव निवासी पूनम पत्नी पीतांबर 12 दिसंबर 2025 से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थीं। परिजनों ने नगराम थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद 7 जनवरी को गांव के बाहर एक सरसों के खेत में अत्यधिक क्षत-विक्षत अवस्था में मानव कंकाल मिला था। घटनास्थल के पास एक साड़ी भी पड़ी मिली थी, जिसे देखकर परिजनों ने कंकाल को पूनम का होने की आशंका जताई थी।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डीएनए जांच के लिए भी नमूने सुरक्षित किए गए थे। मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एडीसीपी वसंथ कुमार ने बताया कि विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी आशीष कुमार, जो रिश्ते में मृतका का भतीजा था, ने पूनम से अपनी बड़ी बहन की बेटी की शादी कराने का वादा सुना था। बाद में जब लड़की की शादी किसी अन्य युवक से तय हो गई, तो आरोपी इससे नाराज हो गया। इसी रंजिश के चलते उसने पूनम की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को सरसों के खेत में छिपा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button