एमएलसी निधि की सड़क पर विवाद

चौड़ीकरण को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

अंबेडकरनगर। अकबरपुर तहसील के रग्घुपुर गांव में एमएलसी निधि से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सड़क के चौड़ीकरण को लेकर ग्रामीणों और किसानों ने आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से मौजूद रास्ते की चौड़ाई बढ़ाने के दौरान उनकी कृषि भूमि प्रभावित की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में पहले से मौजूद रास्ता करीब 8 फीट 3 इंच चौड़ा था, जिसे अब लगभग 16 फीट तक चौड़ा किया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीनों से रास्ते के दोनों ओर खुदाई की गई, जिससे खेतों को नुकसान पहुंचा है। किसानों का यह भी कहना है कि सिंचाई के लिए बनी नालियां भी प्रभावित हुई हैं।

चौड़ीकरण की प्रक्रिया पर उठे सवाल

गांव निवासी सुनील कुमार यादव, राज दीपक समेत कई ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि चौड़ीकरण से पहले न तो सार्वजनिक रूप से जानकारी दी गई और न ही प्रभावित लोगों की सहमति ली गई।

ग्रामीणों का दावा है कि यदि सड़क की चौड़ाई बढ़ानी थी तो पहले राजस्व विभाग से पैमाइश कराई जानी चाहिए थी। साथ ही ग्राम सभा स्तर पर प्रस्ताव और भूमि संबंधी स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए थी। ग्रामीणों ने यह भी जानना चाहा है कि सड़क चौड़ीकरण किस आदेश और मानक के तहत किया जा रहा है।

विरोध के बाद बढ़ी हलचल

निर्माण कार्य को लेकर गांव में लगातार चर्चा बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि आपत्ति दर्ज कराने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद कई लोगों ने मामले की जांच कराने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button