- ससुराल वालों को फोन कर बोला- पत्नी ने बेटे के साथ फांसी लगा ली; पुलिस पूछताछ में पति ने हत्या की बात कबूली
प्रतापगढ़। जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के नया पुरवा लालूपट्टी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और दो साल के बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपी ने दोनों के शव फंदे से लटका दिए। इसके बाद ससुराल वालों को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी ने बेटे के साथ फांसी लगा ली है। मौके पर पहुंचे साले ने पुलिस को सूचना दी।
घर के बाहर चारपाई पर रखे मिले शव
घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 51 किलोमीटर दूर संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में हुई।
एसपी दीपक भूकर के मुताबिक, सुरेश पटेल (32) की शादी करीब 10 साल पहले मानिकपुर थाना क्षेत्र के अंतामऊ गांव की नीता पटेल (30) से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं—वैष्णवी (7), नितिन (5) और ईशु (2)। मृतका के भाई लवकुश पटेल ने अपने जीजा पर बहन और भांजे की हत्या करने का आरोप लगाया है।
शुरुआती जांच में मिले चोट के निशान
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में महिला और उसके बेटे के शरीर पर मारपीट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने सुरेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात कबूल की और दोनों की मौत को आत्महत्या दिखाने के लिए शव फंदे से लटकाने की बात सामने आई। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
शराब पीकर मारपीट करने का आरोप
नीता की मां लखपति ने आरोप लगाया कि सुरेश शराब पीने के बाद उनकी बेटी के साथ अक्सर मारपीट करता था। उनके मुताबिक, कई बार विवाद के बाद नीता मायके आ जाती थी। बाद में सुरेश माफी मांगकर उसे वापस ले जाता था। लखपति ने कहा कि इस बार उनकी बेटी की जान चली गई।









