- मांग पूरी न होने पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी दी गई
- 23 मई को पति ने मोबाइल पर ‘तलाक-तलाक-तलाक’ कहकर रिश्ता खत्म किया
- भाई ने जब विरोध किया, तो ससुर ने जान से मारने की धमकी दी
अंबेडकरनगर। टांडा थाना क्षेत्र में दहेज की मांग के लिए उत्पीड़न व फोन पर तीन तलाक देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टांडा के सकरावल नया पुरवा निवासी रजिया खातून ने शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी 10 दिसंबर 2023 को आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर के पुरानी बत्ती निवासी मोहम्मद सलीम से हुई थी।शादी के कुछ समय बाद ही पति, ससुर सोहेल खान और ननद शीबा-नसीबा बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर रजिया को गाली व मारने-पीटने की धमकी दी जाने लगी।आरोप है कि 23 मई को दोपहर करीब 12:30 बजे पति मोहम्मद सलीम ने उसके मोबाइल पर फोन कर तलाक तलाक तलाक कहकर कथित तलाक दे दिया। पति ने फोन पर कहा कि तुम्हारे घरवाले बुलेट मोटरसाइकिल नहीं दे रहे हैं। इसलिए अब मेरा तुमसे कोई रिश्ता नहीं हैं।रजिया ने यह बात अपने भाई इरफान को बताई। इरफान ने रजिया के ससुर सोहेल खान को फोन कर जानकारी मांगी। ससुर ने फोन पर गाली-गलौज कर पूरे परिवार को जान से खत्म कर देने की धमकी भी दी।प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मोबाइल में रिकॉर्ड की गई बातचीत भी जांच का हिस्सा बनाई जा रही है।








