अंबेडकरनगर। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी और निरीक्षण का दौर जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला व पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने संयुक्त रूप से थाना अलीगंज क्षेत्र के समहरिया चौराहा पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा हेतु की गई तैयारियों का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से यात्रा मार्ग की स्थिति, रूट डायवर्जन की योजना, ट्रैफिक नियंत्रण, पेयजल व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था और सुरक्षा बलों की तैनाती से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या भीड़भाड़ से बचने हेतु सभी जरूरी प्रबंध पहले से सुनिश्चित कर लिए जाएं।
डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए प्रशासन का कर्तव्य है कि उन्हें यात्रा के दौरान कोई असुविधा न हो। वहीं, एसपी केशव कुमार ने पुलिसकर्मियों को हिदायत दी कि रात्रि गश्त और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाए और सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मार्गों पर साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाएं, बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। साथ ही धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए स्थानीय नागरिकों से संवाद और समन्वय कायम रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी अलीगंज सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारी द्वय ने मौके पर उपस्थित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।








