- जिलाधिकारी की अध्यक्षता में व्यापार व उद्योग बंधु की संयुक्त बैठक
- स्वरोजगार योजनाओं की धीमी प्रगति पर डीएम ने जताया असंतोष
- मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में 1900 लक्ष्य पर 538 को ही ऋण वितरण
अम्बेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की बैंकवार प्रगति की समीक्षा की गई।
योजनाओं के लक्ष्य से कम हैं स्वीकृति व वितरण के आंकड़े
उपायुक्त उद्योग द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत निर्धारित 171 लाभार्थियों के लक्ष्य के मुकाबले 126 आवेदन बैंकों को भेजे गए, जिसमें से मात्र 49 स्वीकृत हुए और 40 लाभार्थियों को ऋण वितरण किया गया है। एक जनपद एक उत्पाद योजना में 64 लक्ष्य के सापेक्ष 63 आवेदन भेजे गए, जिसमें से सिर्फ 16 की स्वीकृति और 8 को ही ऋण वितरण हो सका।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत जनपद को वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1900 लाभार्थियों का लक्ष्य प्राप्त है, जिसके सापेक्ष अब तक 2777 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 2624 आवेदन बैंकों को भेजे गए लेकिन केवल 673 को स्वीकृति और 538 को ऋण वितरित हुआ है।
डीएम ने जताई असंतोष की भावना, बैंकों को दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने योजनाओं की धीमी प्रगति और ऋण वितरण में शिथिलता पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि पात्र लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ मिले, लेकिन बैंक स्तर पर उदासीनता देखने को मिल रही है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बैंक अधिकारी प्राप्त आवेदनों की यथाशीघ्र जांच कर पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति व ऋण वितरण सुनिश्चित करें।








