- परियोजना को कई डेडलाइन मिलने के बाद भी अधूरा
- राइजिंग मेन लाइन न होने से शुरू नहीं हो सका संचालन
- डीएम ने 2 जुलाई तक काम पूरा करने के दिए निर्देश
कानपुर। बनियापुर स्थित 15 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना की धीमी प्रगति और लापरवाही पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की। डीएम ने साफ निर्देश दिए कि अगर 2 जुलाई 2025 तक काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अब तक क्यों नहीं शुरू हुआ एसटीपी, डीएम ने मांगा जवाब
निरीक्षण के दौरान डीएम ने एसटीपी के अब तक चालू न होने पर सवाल उठाया। अधिकारियों ने जवाब में बताया कि राइजिंग मेन लाइन अभी नहीं डाली गई है। डीएम ने बताया कि 2019 में 1000 मिमी ट्रंक सीवर लाइन (डीपीएस स्कूल कल्याणपुर से धानूपुर एलपीएस तक) डाली गई थी, लेकिन 3350 मीटर लंबी राइजिंग मेन लाइन आज तक नहीं जोड़ी जा सकी है।
डेडलाइन पर डेडलाइन, फिर भी अधूरा काम
डीएम ने बताया कि परियोजना को जुलाई 2024 तक पूरा किया जाना था। बाद में समय सीमा नवंबर 2024 और फिर 4 मई 2025 की गई, लेकिन काम अब भी अधूरा है। जल निगम के अधिकारियों ने अब जुलाई 2025 तक का समय मांगा, जिस पर डीएम ने सख्त नाराजगी जताई।
जंग लगी पाइप पर भी जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान डीएम ने एसटीपी में लगे लोहे की पाइप पर जंग लगी पाई, जिस पर भी अधिकारियों को फटकार लगाई गई। डीएम ने चेतावनी दी कि तय समयसीमा में काम पूरा न करने पर जिम्मेदारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
दो वार्डों का सीवेज होना है शोधित
इस एसटीपी के माध्यम से ख्योराबाद और नारामऊ वार्ड का सीवेज शोधित किया जाना है, लेकिन 2019 से अब तक कार्य अधूरा पड़ा है। डीएम ने इस पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि जनहित की इस योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








