
- खराब वैक्सीनेशन किट मिलने पर कार्रवाई के निर्देश
- एएनएम को नोटिस जारी करने के आदेश
- गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण पर जोर
सीतापुर। सीतापुर में जिलाधिकारी राजागणपति आर. ने बुधवार को बिसवां विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित वीएनएसएनडी सत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
डीएम ने संबंधित एएनएम के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश डॉ. अनूप श्रीवास्तव को दिए।
ब्लड प्रेशर मशीन और वैक्सीनेशन किट में मिली खामियां
सुबह करीब 11 बजे पहुंचे जिलाधिकारी ने टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने एएनएम से क्षेत्र की आबादी और टीकाकरण से जुड़ी जानकारी ली और रजिस्टरों का निरीक्षण किया।
इस दौरान ब्लड प्रेशर मशीन को सही तरीके से संचालित न किए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। वहीं वैक्सीनेशन किट का रखरखाव भी संतोषजनक नहीं मिला और किट खराब पाई गई, जिस पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान डीएम ने यह भी पूछा कि जो महिलाएं टीकाकरण सत्र में नहीं पहुंच पातीं, उनके लिए क्या व्यवस्था की जाती है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि कोई भी महिला टीकाकरण से वंचित नहीं रहनी चाहिए।
आंगनबाड़ी व्यवस्थाओं की भी हुई जांच
डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री से बातचीत कर सैम और मैम रजिस्टरों का निरीक्षण किया। साथ ही पुष्टाहार वितरण व्यवस्था और वीएनएसएनडी सत्र की तैयारियों की जानकारी भी ली।









