
- उन्नाव एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटी
- हादसे में 7 यात्रियों की मौत
- दरोगा और कैदी भी मृतकों में शामिल
उन्नाव। उन्नाव में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दरोगा और कैदी समेत 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 3 पुलिसकर्मियों सहित 25 लोग घायल हो गए।
हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 262 के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। बस में कुल 36 यात्री सवार थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने की वजह से बस का संतुलन बिगड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी। अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे लगी रेलिंग पर लटक गई। हादसा इतना भयावह था कि कई यात्री बस की खिड़कियों से नीचे एक्सप्रेस-वे के ढलान वाले हिस्से में जा गिरे। एक यात्री का पैर कटकर अलग हो गया।
मृतकों में रामचंद्र राम और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, बिहार के सीवान पुलिस लाइन की टीम 24 मई को कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर गई थी और वापसी के दौरान यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल यात्री एक्सप्रेस-वे के किनारे तड़पते रहे। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। 6 से 7 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने 6 यात्रियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया।









