
- कानपुर में 50 लाख की बड़ी चोरी
- सचेंडी इलाके में घर को बनाया निशाना
- चोरों ने कमरों की कुंडी बाहर से बंद की
Kanpur के सचेंडी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर में बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करीब 50 लाख रुपए की चोरी कर ली। बदमाश नकदी, सोना-चांदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई जब परिवार के लोग जागे।
बताया जा रहा है कि चोरों ने वारदात के दौरान घर के सभी कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी, जिससे परिवार के सदस्य पूरी रात अंदर ही बंद रहे और किसी को भनक तक नहीं लगी।
चोरों ने घर में रखी अलमारी और लॉकर तोड़कर करीब ढाई लाख रुपए नकद, 22 तोला सोना और डेढ़ किलो चांदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह कमरों के दरवाजे बंद देखकर परिवार के लोग घबरा गए और किसी तरह बाहर निकलने के बाद चोरी का पता चला।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके।
डीसीपी वेस्ट SM Qasim Abidi ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।









