
फर्रूखाबाद चिल्लावां गांव में मतदाता सूची को लेकर विवाद
फॉर्म-7 के जरिए दर्जनों नाम कटवाने का आरोप
प्राथमिक विद्यालय बूथ पर ग्रामीणों का विरोध
लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित फर्रूखाबाद चिल्लावां गांव में SIR प्रक्रिया के तहत एक ही समुदाय के दर्जनों लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जाने की सूचना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण गांव के प्राथमिक विद्यालय स्थित बूथ पर पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि दशरथ कुमार नामक व्यक्ति ने फॉर्म-7 भरकर बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए आपत्ति दर्ज कराई थी। आरोप है कि उसने बीएलओ रमजान अली को आवेदन देकर कई लोगों को मृत या गांव का निवासी न होने का दावा किया।
बीएलओ द्वारा जब संबंधित लोगों से फोन पर सत्यापन किया गया, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद नाराज ग्रामीणों ने अपने नाम काटे जाने पर विरोध जताया।
ग्रामीणों का कहना है कि दशरथ कुमार गांव का स्थायी निवासी नहीं है, बल्कि दामाद है और अधिकतर लोगों को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता। इसके बावजूद उसने लगभग 100 से अधिक लोगों के नाम कटवाने के लिए आवेदन कर दिया, जिससे गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।








