डॉ. जनमेजय तिवारी और प्रो. शुचिता पांडेय मुख्य अतिथि

अम्बेडकरनगर । जिला मुख्यालय स्थित बीएनकेबी पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, अकबरपुर में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद, अयोध्या के संयुक्त तत्त्वावधान में आयोजित अंतर महाविद्यालयीय बास्केटबाल (पुरुष) प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को भव्य रूप से हुआ। कॉलेज परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में अतिथियों की उपस्थिति में फीता काटकर तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत आरंभ किया गया।

अतिथियों की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन

उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जनमेजय तिवारी, अध्यक्ष, अवध विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ, अयोध्या तथा प्रो. शुचिता पांडेय, प्राचार्य, बीएनकेबी पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, अकबरपुर उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. अमूल्य प्रताप सिंह, महामंत्री, अवध विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ, अयोध्या और डॉ. पूनम जोशी, अध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा विभाग, साकेत पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, अयोध्या मौजूद रहीं।
इस अवसर पर सभी अतिथियों, पर्यवेक्षकों, प्राचार्यों तथा प्रतिभागी टीमों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

खेल से मिलता है अनुशासन और नेतृत्व का संस्कार

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, धैर्य और नेतृत्व क्षमता के विकास का भी सशक्त साधन है। अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के खिलाड़ियों में दिखाई दे रहा उत्साह और जोश भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है। आयोजन समिति और महाविद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा गया कि यह प्रतियोगिता क्षेत्रीय खेल गतिविधियों को नई दिशा देगी।

कई महाविद्यालयों की टीमें ले रहीं भाग

अंतर महाविद्यालयीय बास्केटबाल प्रतियोगिता में अवध विश्वविद्यालय परिसर, श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा, साकेत महाविद्यालय, अयोध्या, देव इंद्रावती महाविद्यालय, कटेहरी तथा मेजबान बीएनकेबी पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, अकबरपुर सहित अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button