कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के पारा प्रतापपुर गांव में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें शराब के नशे में धुत बड़े भाई कुंदन ने अपने छोटे भाई विराट की हत्या कर दी। घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में मातम छा गया।
घटना के अनुसार, कुंदन रात को नशे की हालत में घर लौटा और पहले अपने 65 वर्षीय पिता रामशंकर कमल से झगड़ा किया। विरोध करने पर उसने पिता के साथ मारपीट की। डरकर पिता अपने छोटे बेटे विराट के घर छिप गए।
इसके बाद कुंदन ने पत्नी सीता के साथ मारपीट शुरू की। बीच-बचाव करने आए छोटे भाई विराट से कुंदन की कहासुनी हुई, जो जल्दी ही मारपीट में बदल गई। गुस्से में कुंदन ने विराट को घर के बाहर घसीटकर कीचड़ में गिरा दिया और सिर दबाकर रखा। कुछ मिनटों बाद विराट दम तोड़ दिया।
हत्या के बाद कुंदन ने शव का चेहरा धोकर उसे चारपाई पर लिटा दिया और पास में ही लेट गया। घटना देख पड़ोस के बुआ के बेटे गोविंद ने तुरंत चाचा रामसजीवन को सूचना दी। पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल करते ही डेढ़ बजे पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) कपिल देव सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर ट्रैक्टरों के कारण जमा कीचड़ में कुंदन ने छोटे भाई का सिर दबाकर उसकी हत्या की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल लिखित तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।








