दुल्लापुर में भीषण आग, छप्पर और मवेशी जलकर खाक

20 बकरियों की मौत, महिला झुलसी; परिवार को भारी नुकसान

अम्बेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर में गुरुवार को भीषण आग लगने से एक परिवार का आशियाना पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना शिव बाबा मंदिर के पास की है। आग में छप्पर के नीचे बंधी करीब 20 बकरियों की जलकर मौत हो गई।

तेजी से फैली आग, बचाव का नहीं मिला मौका

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी भुलई पाल के घर में अज्ञात कारणों से आग लगी। जिस छप्पर में बकरियां बंधी थीं, उसी के नीचे परिवार भी रहता था। आग अचानक भड़क गई और कुछ ही देर में पूरे छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मवेशियों को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। देखते ही देखते छप्पर और उसमें रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।

महिला झुलसी, अस्पताल में इलाज जारी

घटना के दौरान आग बुझाने के प्रयास में भुलई पाल की पत्नी झुलस गईं। उन्हें एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने मिलकर काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक पूरा घर और मवेशी जल चुके थे।इस हादसे में परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है। छप्पर, घरेलू सामान और मवेशियों के नष्ट होने से परिवार पर संकट आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button