
अंबेडकरनगर के जलालपुर क्षेत्र में शिक्षा की आड़ में बिना मान्यता संचालित हो रहे विद्यालयों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी मीनाक्षी सिंह ने कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों के उल्लंघन पर संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना मान्यता विद्यालय संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
इंटर तक कक्षाएं, मान्यता केवल आठवीं तक
निरीक्षण के दौरान सबसे पहले फतेहपुर मोहिबपुर स्थित सरदार भगत सिंह पब्लिक स्कूल की जांच की गई। विद्यालय को कक्षा एक से आठ तक संचालन की मान्यता प्राप्त है, लेकिन यहां इंटरमीडिएट तक कक्षाएं संचालित पाई गईं।
इसी तरह नगर के नगपुर रोड स्थित मोहसिन पब्लिक स्कूल में भी जांच के दौरान गड़बड़ी सामने आई। विद्यालय को आठवीं तक मान्यता प्राप्त है, जबकि यहां कक्षा 9 और 10 तक की पढ़ाई कराई जा रही थी।
सरस्वती शिशु मंदिर में भी मिली अनियमितता
जांच के दौरान जलालपुर क्षेत्र स्थित सरस्वती शिशु मंदिर का भी निरीक्षण किया गया। यहां भी इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं संचालित पाई गईं, जबकि मान्यता केवल आठवीं कक्षा तक की है।
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई में कई संस्थानों में मान्यता से अधिक कक्षाएं चलने की पुष्टि हुई है।
दो दिन में जवाब देने का निर्देश
खंड शिक्षा अधिकारी मीनाक्षी सिंह ने सभी संबंधित विद्यालय संचालकों को नोटिस जारी कर दिया है। उन्हें दो दिन के भीतर शपथ पत्र के साथ लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मान्यता के बाहर किसी भी प्रकार की कक्षाएं संचालित नहीं की जा सकतीं।









