- ज़िला स्तरीय बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
- छह टीमों ने लिया हिस्सा, रोमांचक मुकाबले खेले गए
- फाइनल में एकलव्य स्टेडियम ने सेवन स्टार को हराया
अम्बेडकरनगर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में सोमवार को जनपद स्तरीय बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. हनुमान प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ाधिकारी शीला भट्टाचार्य ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों की जानकारी साझा की।
बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर जिला ओलिंपिक संघ के सचिव डॉ. हनुमान प्रताप सिंह ने कहा— “खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नेतृत्व और आत्मविश्वास का माध्यम भी हैं। बालिका वर्ग में जिस तरह की ऊर्जा और समर्पण दिखाई दे रहा है, वह जनपद के खेल भविष्य के लिए शुभ संकेत है। जिला ओलिंपिक संघ खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाएंगे।”
प्रतियोगिता में कुल छह टीमों — सेवन स्टार, बीएन इंटर कॉलेज, स्टूडेंट क्लब, आजाद क्लब, यूपीएस अफजलपुर और एकलव्य स्टेडियम ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का पहला मैच बीएन इंटर कॉलेज और स्टूडेंट क्लब के बीच हुआ जिसमें बीएन इंटर कॉलेज ने 5–2 से जीत दर्ज की।
दूसरे मुकाबले में यूपीएस अफजलपुर ने आजाद क्लब को 7–1 से पराजित किया।
सेमीफाइनल मुकाबले रहे रोमांचक
पहला सेमीफाइनल सेवन स्टार और बीएन इंटर कॉलेज के बीच खेला गया जिसमें सेवन स्टार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीएन को 10–4 से मात दी।दूसरे सेमीफाइनल में एकलव्य स्टेडियम ने यूपीएस अफजलपुर को 10–5 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।








