लू से सड़क पर गिरे बुजुर्ग की समय रहते बची जान

जलालपुर में भीषण गर्मी के बीच बिगड़ी थी बुजुर्ग की हालत

  • जलालपुर में भीषण गर्मी के बीच सड़क पर बेहोश होकर गिरे बुजुर्ग
  • समाजसेवी विकास कुमार निषाद ने पहुंचाई तत्काल मदद
  • बैंक पर्ची से हुई बुजुर्ग की पहचान

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर के जलालपुर नगर में सोमवार को भीषण गर्मी और लू के बीच एक 85 वर्षीय बुजुर्ग अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना स्टेट बैंक के सामने की है। तेज धूप और उमस के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान समाजसेवी विकास कुमार निषाद ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को तुरंत सहायता पहुंचाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुजुर्ग काफी देर तक धूप में रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह सड़क पर गिर पड़े। हालत गंभीर देख विकास कुमार निषाद मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से बुजुर्ग को सड़क से उठाकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया। इसके बाद ठंडे पानी से हाथ-मुंह धुलवाया गया और प्राथमिक राहत दी गई।

बैंक पर्ची से हुई पहचान

घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी गई। बुजुर्ग की जेब से मिली बैंक पर्ची के आधार पर उनकी पहचान सहदेव राम निवासी पर्वतपुर के रूप में हुई।

एंबुलेंस पहुंचने के बाद विकास कुमार निषाद खुद बुजुर्ग के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचे। वहां करीब दो घंटे तक इलाज और अन्य व्यवस्थाओं में जुटे रहे। साथ ही परिजनों से संपर्क करने का प्रयास भी किया गया।

परिजनों ने जताया आभार

सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने समय पर मदद के लिए विकास कुमार निषाद का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यदि तत्काल सहायता नहीं मिलती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button