जनता दर्शन में रो पड़ी बुजुर्ग महिला, बेटी ने घर से निकाला

कलेक्ट्रेट में भावुक दृश्य, प्रशासन की टीम गांव पहुंची; पंचायत के बाद महिला को दोबारा घर में कराया गया दाखिल

  • जनता दर्शन में बुजुर्ग महिला रोते हुए पहुंची
  • बेटी पर घर से निकालने और मारपीट का आरोप
  • डीएम ने तुरंत जांच के दिए निर्देश

कानपुर: कानपुर कलेक्ट्रेट में शनिवार को आयोजित जनता दर्शन के दौरान उस समय भावुक माहौल बन गया, जब एक बुजुर्ग महिला हाथ जोड़कर डीएम के सामने खड़ी हो गई और फफक कर रोने लगी। महिला ने अपनी ही बेटी पर घर से बेदखल करने और मारपीट का आरोप लगाया।

तहसील सदर के दूल गांव की करीब 76 वर्षीय सरस्वती ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उनकी बेटी प्रेमशान्ती आए दिन उनके साथ दुर्व्यवहार करती है और हाल ही में उन्हें घर से बाहर निकाल दिया, जिससे वह फुटपाथ पर रहने को मजबूर हो गईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने तुरंत जांच के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह राजस्व और पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। मौके पर नायब तहसीलदार, थानाध्यक्ष, ग्राम प्रधान और ग्रामीणों की मौजूदगी में पूरे मामले की पड़ताल की गई।

करीब दो घंटे चली पंचायत में दोनों पक्षों की बात सुनी गई। ग्रामीणों से बातचीत में सामने आया कि मां-बेटी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। वृद्धा ने शांतिपूर्ण जीवन जीने की इच्छा जताई, जबकि बेटी ने ससुराल में प्रताड़ना के कारण मायके में रहने की मजबूरी बताई और मारपीट के आरोपों से इनकार किया।

प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझ गया। बेटी ने अपनी मां से माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसा व्यवहार न करने का भरोसा दिया। इसके बाद प्रशासन ने बुजुर्ग महिला को उनके घर में दोबारा दाखिल कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button