- कम वोल्टेज से एसी-कूलर बेअसर, ट्रांसफॉर्मर बार-बार खराब
- हर एक-डेढ़ घंटे में ट्रिपिंग, उपभोक्ता नाराज़
- विद्यार्थियों की पढ़ाई और किसानों की सिंचाई पर असर
अम्बेडकरनगर। जनपद में इन दिनों बिजली व्यवस्था को लेकर उपभोक्ता व्यापक असंतोष जता रहे हैं। शहर से लेकर गांव तक बिजली आपूर्ति बाधित है और ट्रिपिंग की समस्या आम हो गई है। अनियमित आपूर्ति और लगातार कम वोल्टेज की वजह से हर वर्ग प्रभावित हो रहा है।
शहरी क्षेत्र में 12 से 15 घंटे की कटौती, ग्रामीण क्षेत्र में हालात और खराब
शहर के विभिन्न मोहल्लों में प्रतिदिन 12 से 15 घंटे तक बिजली की कटौती देखी जा रही है, जबकि ग्रामीण इलाकों में 6 से 7 घंटे से अधिक आपूर्ति नहीं हो रही। कुछ गांव ऐसे हैं जहां 24 घंटे में भी बिजली नहीं आ रही। इस वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
कम वोल्टेज और ट्रांसफॉर्मर खराबी बनी मुख्य चुनौती
उपभोक्ताओं द्वारा बताया गया कि आपूर्ति के समय भी वोल्टेज सामान्य से बहुत कम रहता है। एसी, कूलर, फ्रिज जैसे उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे। ट्रांसफॉर्मर जलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कहीं-कहीं मरम्मत कार्य में 3 से 5 दिन तक का समय लग रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रिपिंग से उपभोक्ताओं में नाराज़गी
शहर से लेकर गांव तक ट्रिपिंग अब सामान्य हो गई है। सुबह, दोपहर और रात के समय हर एक-डेढ़ घंटे में ट्रिपिंग हो रही है। इससे बिजली की गुणवत्ता पर भी प्रभाव पड़ रहा है और कई बार बिजली आने के बावजूद पंखे, इनवर्टर और चार्जर भी काम नहीं कर पा रहे हैं।








