स्वतंत्रता के 78 वर्ष पूर्ण होने पर 78 मातृशक्तियों को मिला ‘स्वयंसिद्धा सम्मान’

  • अकबरपुर ब्लॉक सभागार में स्वयंसिद्धा सम्मान समारोह आयोजित
  • 78 प्रभावशाली महिलाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया
  • दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ, महिला सशक्तिकरण पर चर्चा

अंबेडकरनगर। स्वतंत्रता दिवस के 78 गौरवपूर्ण वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को अकबरपुर ब्लॉक सभागार एक ऐतिहासिक महिला समागम का साक्षी बना। ‘स्वयंसिद्धा सम्मान समारोह’ में विभिन्न जनपदों से आई 78 प्रभावशाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। यह आयोजन आरम्भ फाउंडेशन के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ, जिसमें राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए उनकी उपलब्धियों को सार्वजनिक मंच पर सराहा गया।

दीप प्रज्वलन से हुआ समारोह का शुभारंभ

समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि पूर्व विधायक संजू देवी और सिंगरामऊ स्टेट की महारानी डॉ अंजू सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि नारी शक्ति आज हर क्षेत्र में सशक्त भूमिका निभा रही है।

अलग-अलग जनपदों से पहुंचीं प्रभावशाली महिलाएं

कार्यक्रम में अंबेडकरनगर के अलावा जौनपुर, सुल्तानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ और बस्ती समेत कई जनपदों से आई महिलाओं ने हिस्सा लिया। ये महिलाएं शिक्षा, चिकित्सा, राजनीति, मीडिया, समाजसेवा और सांस्कृतिक क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान दे रही हैं।

मंच से गूंजी उपलब्धियों की गूंज

समारोह के दौरान मंच से प्रत्येक सम्मानित महिला का नाम और उनके योगदान की जानकारी दी गई, जिसे उपस्थितजनों ने तालियों की गूंज के साथ सराहा। कार्यक्रम में लखनऊ की प्रिया मिश्रा और मिठू राय, बस्ती की रितिका सिंह तनु, डॉ तारा वर्मा, सुमित्रा राय, पुष्पा पाल, डॉ गीतिका वर्मा समेत कई अन्य महिलाओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Back to top button