
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के कोथनूर इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक इंजीनियर दंपती ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, पहले पति भानु चंदर रेड्डी कुंटा (32) का शव फ्लैट के अंदर बंद कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। दरवाजा कई बार खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर पत्नी शाजिया (31) ने पड़ोसियों और सिक्योरिटी को बुलाया। दरवाजा तोड़ने पर घटना का खुलासा हुआ।
इस घटना के कुछ ही मिनटों बाद शाजिया फ्लैट से बाहर निकलीं और उसी अपार्टमेंट की 17वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी।
मृतक भानु चंदर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे, जबकि शाजिया IBM में कार्यरत थीं। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें भानु चंदर ने अपनी खराब स्वास्थ्य स्थिति का जिक्र किया है और अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों की शादी को करीब 9 साल हो चुके थे और इससे पहले वे लिव-इन रिलेशनशिप में भी रह चुके थे। सूत्रों के मुताबिक, शादी के बाद उनके रिश्ते में अक्सर विवाद होते थे, हालांकि परिवार को इसकी जानकारी नहीं थी।
फिलहाल Bengaluru Police ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के पीछे की वजहों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस स्वास्थ्य समस्याओं, मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही इस पूरे घटनाक्रम की असली वजह साफ हो सकेगी।








