पंचकूला में साले ने जीजा की चाकू मारकर हत्या, लव मैरिज से था नाराज

पंचकूला। पंचकूला में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया, जहां साले ने अपने ही जीजा की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी मां को फैक्ट्री छोड़ने जा रहा था, तभी रास्ते में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।

हमले में युवक की छाती, पीठ और सिर पर कई वार किए गए। गंभीर हालत में उसे सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक मूल रूप से हरदोई जिले के रहुला गांव का रहने वाला था और उसका परिवार पिछले 15 साल से मोहाली के बलटाना में रह रहा है। मृतक के पिता सिक्योरिटी गार्ड हैं, जबकि मां पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया में काम करती हैं।

बताया गया कि मृतक ने करीब 3 महीने पहले प्रेम विवाह (लव मैरिज) की थी। यह शादी उसके साले को पसंद नहीं थी। आरोपी ने पहले भी उसे धमकी दी थी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।

घटना के दिन आरोपी अपने दो दोस्तों के साथ पहले से ही पुल के पास घात लगाकर बैठा था। जैसे ही युवक अपनी मां को छोड़कर वापस लौटा, उस पर हमला कर दिया गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले में सेक्टर-20 थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। SHO सोमवीर ढाका ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और उनकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button