- सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अग्निशमन यंत्रों की स्थिति की समीक्षा
- अधिकारियों को सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश
- हर गतिविधि का पारदर्शी रिकॉर्ड रखने पर दिया जोर
अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप मशीनों के रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था तथा निगरानी उपकरणों की स्थिति का गंभीरता से जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस में संग्रहीत ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की व्यवस्थित स्थिति की जांच की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं प्रभावशीलता, सीलिंग व्यवस्था और निगरानी पुस्तिका की संधारण स्थिति की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के पश्चात डीएम अनुपम शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा मानकों का सतत पालन सुनिश्चित किया जाए और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वेयरहाउस की हर गतिविधि का रिकॉर्ड पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए ताकि भविष्य में किसी तरह की शिकायत की गुंजाइश न रहे।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी महेश चंद्र द्विवेदी समेत निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








