अम्बेडकरनगर। जनपद की स्वास्थ्य सेवाएं पिछले एक वर्ष में विस्तार के नए स्तर पर पहुंची हैं। सरकारी और आयुष पद्धति के माध्यम से लाखों मरीजों को उपचार मिला है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार एलोपैथिक चिकित्सा से 30,54,918 मरीजों का इलाज किया गया है, जबकि आयुर्वेदिक पद्धति से 2,34,157 रोगियों को लाभ मिला है।
मजबूत हुआ स्वास्थ्य संस्थानों का नेटवर्क
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक ढांचा सक्रिय है। वर्तमान में एक राजकीय मेडिकल कॉलेज, एक जिला चिकित्सालय, 11 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 31 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 5 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कार्यरत हैं।
इन संस्थानों के जरिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। मरीजों को प्राथमिक से लेकर विशेषज्ञ उपचार तक की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आयुष्मान भारत योजना का बढ़ता दायरा
जनपद में आयुष्मान भारत योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के तहत 40 चिकित्सीय इकाइयां शामिल हैं, जिनमें 12 सरकारी और 28 निजी अस्पताल हैं।
अब तक 7,78,602 लाभार्थियों को इस योजना के तहत निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा चुकी है। उपचार पर संबंधित अस्पतालों को लगभग 90.38 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
लाखों परिवारों को मिला बीमा कवच
जिले में अब तक 9,13,000 आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इन कार्डों के माध्यम से पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवरेज उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को गंभीर बीमारियों के इलाज में बड़ी राहत मिल रही है।









