
अम्बेडकरनगर । अकबरपुर ब्लॉक क्षेत्र के सैदपुर भीतरी स्थित गौशाला में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिल कुमार सिंह औचक निरीक्षण पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान गौशाला में इलाज के अभाव में कई पशु बीमार अवस्था में पाए गए। पशुओं की दुर्दशा देखकर परियोजना निदेशक ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों पर कड़ी नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं को गंभीर लापरवाही करार दिया।
गौशाला परिसर में साफ-सफाई, चारे की उपलब्धता और पशुओं के स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलीं। कई पशु कमजोरी और बीमारी के स्पष्ट लक्षणों के साथ नजर आए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि समय से उपचार और नियमित देखरेख नहीं की जा रही है।
पशु चिकित्सा अधिकारी पर कार्रवाई की संस्तुति
निरीक्षण के दौरान पशुओं के उपचार में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए परियोजना निदेशक ने पशु चिकित्सा अधिकारी राजकुमार के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी को विस्तृत रिपोर्ट भेजी गई है। रिपोर्ट में गौशाला में पशुओं की बिगड़ती स्थिति, उपचार की कमी और जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता का उल्लेख किया गया है।
परियोजना निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गौशाला में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पशुओं के स्वास्थ्य, चारा, पानी और साफ-सफाई की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
गौशाला संचालन में मिली कई खामियां
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि गौशाला में रखरखाव के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। कई पशुओं के लिए निर्धारित स्थान पर गंदगी फैली हुई थी। चारे का भंडारण भी अव्यवस्थित मिला। पशुओं के पीने के पानी की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई।









