- सरोजनीनगर विधायक पर दबाव डालने का आरोप
- मुफ्त बिजली और गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग
- स्मार्ट मीटर और फर्जी मुकदमों का विरोध
लखनऊ। अपनी मांगों को लेकर लखनऊ के किसानों ने शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले हुए इस विरोध में सैकड़ों किसान शामिल हुए। जिला अध्यक्ष आलोक वर्मा के नेतृत्व में किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसानों का आरोप है कि सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह के दबाव में अधिकारी कार्य कर रहे हैं और उन्हीं के इशारे पर किसानों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। आलोक वर्मा ने कहा, “अन्नदाता राजनीति का शिकार हो रहा है, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से मुफ्त बिजली, गन्ने का बढ़ा हुआ समर्थन मूल्य और बकाया भुगतान का वादा किया था, लेकिन अब तक कोई वादा पूरा नहीं हुआ। वहीं, बारिश से आलू और सरसों की फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा भी नहीं मिला है।
किसानों ने स्मार्ट मीटर लगाने का भी विरोध किया और कहा कि यह किसानों पर आर्थिक बोझ डालने जैसा है। वर्मा ने चेतावनी दी कि अगर किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन शुरू करेगा।
उन्होंने कहा, “जो अधिकारी किसानों पर दबाव बना रहे हैं या उन्हें झूठे मुकदमों में फंसा रहे हैं, उनकी जांच होनी चाहिए।” किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा।








