- गोमतीनगर में नशे को लेकर छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या की
- चाकू और बांके से किए गए 24 वार, मौके पर ही मौत
- मृतक बाबूलाल नशे का आदी, आए दिन करता था विवाद
लखनऊ। गोमतीनगर के विरामखंड इलाके में सोमवार देर रात घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने अपने बड़े भाई की चाकू और बांके से हमला कर हत्या कर दी। मृतक बाबूलाल (27) की गर्दन और शरीर पर धारदार हथियारों से किए गए करीब 24 वार मिले हैं। चीख-पुकार सुनकर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी भाई सनी को हिरासत में लिया गया।
मां मायका देवी ने बताया कि बाबूलाल नशे का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता था। सोमवार को भी वह शराब पीकर घर के बाहर गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर चाकू लेकर हमला करने लगा और खुद को जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी दौरान कहासुनी में छोटे भाई सनी ने उस पर हमला कर दिया।
पुलिस पूछताछ में हत्या कबूली
गोमतीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभ में परिजन आत्महत्या का मामला बता रहे थे, लेकिन शव पर कई धारदार हथियारों के घाव देख मामला संदिग्ध लगा। पूछताछ में आरोपी सनी ने भाई की हत्या स्वीकार की। बताया कि बाबूलाल की नशेबाजी से पूरा परिवार परेशान था और घटना के दिन भी वह हमला करने पर उतारू था।
ये भी पढ़ें-पीएम मोदी करेंगे फतेहपुर रेलवे स्टेशन का उद्घाटन
शव पोस्टमार्टम को भेजा, हत्या का मुकदमा दर्ज
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक का भाई सनी हिरासत में है और पूछताछ जारी है। मृतक के पिता रामदुलारे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।








