लखनऊ। लखनऊ के हजरतगंज स्थित गौतमपल्ली थाना क्षेत्र की क्रिश्चियन कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक ब्यूटी पार्लर में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि पार्लर का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, सुबह 5:42 बजे कंट्रोल रूम को केडीए परिसर स्थित ‘जस्ट फॉर डिवाइस’ ब्यूटी पार्लर में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद हजरतगंज फायर स्टेशन से तीन फायर टेंडर और चौक फायर स्टेशन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने पाया कि आग भवन के भूतल पर स्थित पार्लर में लगी थी, जबकि ऊपर के दोनों तल आवासीय थे। आग से निकले घने धुएं के कारण भवन में रह रहे हफीज उल्ला और शादाब खान छत पर फंस गए थे। फायरकर्मियों ने सीढ़ी लगाकर दोनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
इसके बाद दमकल विभाग ने मोटर फायर इंजन और अन्य उपकरणों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया। स्मोक एग्जॉस्टर के जरिए भवन में भरे धुएं को बाहर निकाला गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मकान मालिक के अनुसार, आग पार्लर परिसर में लगी थी, जिसका संचालन दीपिका राठौड़ द्वारा किया जाता है। आग से पार्लर में रखा फर्नीचर, उपकरण और अन्य सामान जलकर खाक हो गया।









