जयपुर। राजस्थान में इबोला वायरस संक्रमण का पहला संदिग्ध मामला सामने आया है। युगांडा से घूमने आई एक महिला में इबोला जैसे लक्षण पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। महिला शुक्रवार सुबह एयर अरेबिया की फ्लाइट से शारजाह के रास्ते जयपुर पहुंची थी।
एयरपोर्ट पर नियमित स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग के दौरान महिला में संक्रमण के संदिग्ध लक्षण दिखाई दिए। इसके बाद उसे तुरंत Rajasthan University of Health Sciences के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिल गुप्ता के अनुसार फिलहाल महिला में इबोला संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। केवल लक्षणों के आधार पर इसे इबोला का मामला नहीं माना जा सकता। महिला के सैंपल विस्तृत जांच के लिए पुणे स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने तक विशेष प्रोटोकॉल के तहत इलाज और निगरानी जारी रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और घबराने की आवश्यकता नहीं है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा इबोला के बढ़ते मामलों को लेकर पहले ही चिंता जताई जा चुकी है। भारत में अब तक इबोला वायरस संक्रमण का कोई पुष्ट मामला दर्ज नहीं हुआ है। केंद्र सरकार ने प्रभावित देशों की गैरजरूरी यात्रा से बचने, एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध मरीजों की जांच को लेकर एडवाइजरी भी जारी की है।









