नई दिल्ली। भारतीय रेलवे की नई पीढ़ी की वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी से कोलकाता के बीच जल्द ही परिचालन शुरू करेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि ट्रेन का ट्रायल, टेस्टिंग और सर्टिफिकेशन पूरा हो चुका है।
इस ट्रेन को 1,000 किलोमीटर से अधिक लंबी दूरी की यात्राओं को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया गया है। ट्रायल के दौरान ट्रेन ने कोटा–नागदा रेलवे ट्रैक पर 180 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ लगाई। लोको पायलट ने इस दौरान चार ग्लास में पानी रखा था, जो गति के बावजूद छलका नहीं।
किराया और कोच विवरण
रेल मंत्री के मुताबिक, गुवाहाटी–कोलकाता स्लीपर ट्रेन के किराए इस प्रकार तय किए गए हैं:
- थर्ड AC: ₹2,300
- सेकेंड AC: ₹3,000
- फर्स्ट AC: लगभग ₹3,600
वैष्णव ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में एडवांस्ड सेफ्टी फीचर्स, बेहतर सस्पेंशन सिस्टम और वर्ल्ड-क्लास स्लीपर कोच उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि आमतौर पर गुवाहाटी–हावड़ा हवाई किराया ₹6,000 से ₹8,000 तक होता है, कभी-कभी यह ₹10,000 तक भी पहुंच जाता है। ऐसे में स्लीपर ट्रेन यात्रियों के लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।
पीएम मोदी जल्द देंगे हरी झंडी
रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने बताया कि वंदे भारत चेयर कार ने भारतीय रेलवे में नए युग की शुरुआत की थी और देशभर से इस ट्रेन की मांग लगातार बढ़ रही है।
बुलेट ट्रेन का अपडेट
वहीं, बुलेट ट्रेन परियोजना पर भी रेल मंत्री ने अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि यह 15 अगस्त 2027 से शुरू होगी। सबसे पहले सूरत से बिलिमोरा तक का सेक्शन खुलेगा, उसके बाद वापी से सूरत, फिर वापी से अहमदाबाद और अंततः ठाणे से अहमदाबाद तक ट्रेन चलाना शुरू किया जाएगा।
वैष्णव ने जोर देकर कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन लंबे समय से नई पीढ़ी की ट्रेनों की मांग को पूरा करेगी और यात्रियों को सुरक्षित, तेज़ और किफायती यात्रा का अनुभव देगी।








