फ्लरिश होटल अग्निकांड: जलती इमारत के पास से गुजरकर भाग गया मालिक

पूछताछ में किया चौंकाने वाला खुलासा

नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश होटल अग्निकांड मामले में गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज ने पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आग लगने के दौरान बजाज अपनी कार से जलती हुई इमारत के पास से गुजरा था, लेकिन लोगों को बचाने या मदद करने के बजाय वहां से चला गया।

पूछताछ में बजाज ने स्वीकार किया कि वह घटना के समय बेहद डर गया था। इसी कारण उसने किसी की सहायता नहीं की और न ही अपने घर गया। उसने पुलिस को बताया कि घटना के बाद वह शहर में इधर-उधर घूमता रहा।

बुधवार को हुए इस भीषण अग्निकांड में पांच मंजिला फ्लरिश होटल आग की चपेट में आ गया था। हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए। घटना के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया था।

लवकेश बजाज ने पूछताछ में यह भी दावा किया कि वह होटल के रोजमर्रा के संचालन की निगरानी स्वयं नहीं करता था। होटल के मैनेजमेंट, बिलिंग और अकाउंट्स की जिम्मेदारी किसी अन्य व्यक्ति को सौंप रखी गई थी।

उसने यह भी बताया कि होटल में कमरों का आकार बढ़ाने और अन्य निर्माण संबंधी बदलावों की सलाह भी उसे किसी दूसरे व्यक्ति ने दी थी। बजाज के अनुसार, सलाह देने वाले व्यक्ति ने कहा था कि इस तरह के मॉडिफिकेशन सामान्य हैं और “दिल्ली में सब चलता है।”

फिलहाल पुलिस होटल में किए गए निर्माण कार्य, अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन और संभावित लापरवाही के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि होटल में किए गए बदलावों ने हादसे की गंभीरता बढ़ाने में कोई भूमिका निभाई या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button