कानपुर। घने कोहरे और कम दृश्यता के चलते कानपुर से गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सकीं। 45 से अधिक ट्रेनें 3 से 8 घंटे की देरी से प्लेटफार्मों पर पहुंचीं। यात्रियों को कड़ाके की ठंड में घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हुए।
दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर रूट की ट्रेनों का इंतजार कर रहे लोगों को भारी भीड़ और असुविधा का सामना करना पड़ा। दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए कई छात्र भी भटकते नजर आए।
मौसम विभाग ने चेताया है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में घना कोहरा रहने की संभावना है। यात्रियों को रेल और सड़क यात्रा के दौरान सतर्क रहने और समय की जानकारी पहले से लेने की सलाह दी गई है।








