मध्य प्रदेश में चार दिन तक आंधी और बारिश का अलर्ट

  • मध्य प्रदेश में अगले 4 दिन बारिश और आंधी का अलर्ट
  • भारत का एडवांस वेदर सिस्टम ‘BFS’ आज होगा लॉन्च
  • सुपरकंप्यूटर ‘अर्का’ से मिलेगा तेजी से सटीक मौसम पूर्वानुमान

नई दिल्ली । देश के कई हिस्सों में सोमवार को मानसून से पहले की बारिश ने लोगों की रफ्तार थाम दी है। मुंबई, पुणे और केरल में भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात हैं तो कहीं पेड़ गिरने से हादसे हुए हैं। इस बीच भारत सरकार आज देश का सबसे एडवांस मौसम पूर्वानुमान सिस्टम भारत फोरकास्ट सिस्टम (BFS) लॉन्च करने जा रही है, जिससे मौसम संबंधी अलर्ट पहले से कहीं अधिक सटीक और स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।

मुंबई में तेज बारिश, अंडरग्राउंड मेट्रो में भरा पानी, फ्लाइट्स भी प्रभावित

सोमवार सुबह से मुंबई में तेज बारिश हो रही है, जिससे हाल ही में शुरू हुई अंडरग्राउंड मेट्रो में पानी भर गया। घने बादलों के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम हो गई है, जिसका असर हवाई यातायात पर पड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार 8 फ्लाइट्स को डाइवर्ट या देर से उड़ाया गया है।

शहर में कई जगह 70-80 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चली, जिससे पेड़ गिर गए और सड़कों पर लंबा जाम लग गया। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

पुणे में बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात, 200 घरों में घुसा पानी

रविवार को पुणे में हुई भारी बारिश के बाद हालात और बिगड़ गए। पुणे-सोलापुर हाईवे पर पाटस इलाके में बादल फटने से बारामती और इंदापुर में अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। यहां सड़कें पानी में डूब गईं, कई वाहन बह गए और लगभग 200 घरों में पानी घुस गया। एनडीआरएफ की 2 टीमें रेस्क्यू में लगी हुई हैं।

आईएमडी की चेतावनी: मुंबई में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों में दिनभर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। सांताक्रूज के सुपारी टैंक और नारियल वाड़ी में सबसे ज्यादा 25 मिमी बारिश दर्ज की गई है। अंधेरी, विले पार्ले, चेंबूर और वर्सोवा समेत कई इलाकों में 9 से 24 मिमी के बीच बारिश रिकॉर्ड की गई।

केरल में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, पेड़ गिरने से 3 की मौत

केरल में भी बारिश का कहर जारी है। त्रिशूर में एक चलती ट्रेन पर पेड़ गिर गया, हालांकि बड़ा हादसा टल गया। कोझिकोड़ में स्कूटर चला रहे एक व्यक्ति पर पेड़ गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। कोडंचेरी इलाके में करंट लगने से भाई-बहन की मौत हो गई।

राज्य के 9 जिलों में स्कूल-कॉलेजों को एहतियातन बंद कर दिया गया है। उत्तरी पलक्कड़ में 40 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें से 4 पूरी तरह से ध्वस्त हो गए हैं। वायनाड के पदिनजरथरा में कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। एनडीआरएफ की 28 सदस्यीय टीम राहत कार्य में जुटी है।

मध्य प्रदेश में अगले 4 दिन तक आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक ट्रफ लाइन के कारण अगले चार दिनों तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। विभाग ने राज्य के कई जिलों में यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

भारत को मिलेगा नया वेदर फोरकास्ट सिस्टम, पंचायत स्तर तक अलर्ट संभव

आज भारत सरकार ‘भारत फोरकास्ट सिस्टम (BFS)’ लॉन्च करने जा रही है। केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह इसे देश को समर्पित करेंगे। यह सिस्टम देशभर में आपदा प्रबंधन, कृषि, जल संसाधन और पब्लिक सेफ्टी के लिए क्रांतिकारी साबित होगा।

पुणे स्थित इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मेट्रोलॉजी (IITM) द्वारा तैयार किए गए इस सिस्टम की मदद से 6 किलोमीटर के रेजोल्यूशन तक सटीक मौसम अनुमान लगाए जा सकेंगे। यह सिस्टम 40 डॉपलर रडार से डेटा लेता है, जिसे आगे 100 रडार तक अपग्रेड किया जाएगा।

सिस्टम के संचालन के लिए अब नया सुपरकंप्यूटर ‘अर्का’ इस्तेमाल होगा, जो मौजूदा ‘प्रत्यूष’ की तुलना में ढाई गुना तेज है। इससे 2 घंटे के अल्पकालिक, स्थानीय मौसम अलर्ट संभव होंगे।

Related Posts

सिटी बस सेवा बंद होने से बेरोजगार कर्मचारी धरने पर

कानपुर। सिटी बस सेवा बंद होने के बाद बेरोजगार हुए ड्राइवर और कंडक्टरों ने शुक्रवार को परिवहन निगम के रीजनल मैनेजर (RM) कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने…

Continue reading
लखनऊ विश्वविद्यालय में UGC समर्थन मार्च पर हंगामा, 350 छात्रों का प्रदर्शन

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में शुक्रवार को UGC के समर्थन में विभिन्न छात्र संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने ‘समता संवर्धन मार्च’ निकालने की घोषणा की थी, लेकिन मार्च शुरू…

Continue reading