- 72 घंटे से हो रही झमाझम बारिश से लखनऊ में हाहाकार
- 24 घंटे में 60.6 मिमी बारिश, चार साल का रिकॉर्ड टूटा
- सड़कों पर जलभराव, पुल बहा, कई इलाकों से संपर्क कटा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में पिछले 72 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीते 24 घंटों में 60.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिसके साथ ही एक दिन में हुई सर्वाधिक बरसात का चार साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। शहर के निचले इलाकों में जलभराव, सड़क धंसने, बिजली के पोल में करंट उतरने और कई हादसों की खबरें सामने आई हैं।
स्कूल बंद, कुछ में ऑनलाइन क्लास
मंगलवार को जिला प्रशासन ने स्कूल बंद करने के आदेश तो जारी नहीं किए, लेकिन जलभराव को देखते हुए कई निजी स्कूलों ने स्वतः ही अवकाश घोषित कर दिया और ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दीं। बच्चों और अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम कार्यालय की छत टपकी, औद्योगिक क्षेत्र डूबा
लगातार बारिश का असर सरकारी दफ्तरों पर भी नजर आया। नगर निगम कार्यालय की छत जगह-जगह से टपकने लगी। सरोजिनी नगर औद्योगिक क्षेत्र पानी में डूब गया, जिससे फैक्ट्रियों में कामकाज प्रभावित हुआ। वहीं नाका इलाके में सोमवार को एक कच्चा मकान गिर गया, जबकि मोहनलालगंज में नाले में गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। गोमती नदी में एक व्यक्ति बह गया, जिसकी तलाश जारी है।
गोमती नदी का पीपा पुल बहा, संपर्क टूटा
बारिश के दबाव के चलते गोमती नदी के गऊ घाट–मेहंदी घाट के बीच बना पीपा का पुल बह गया, जिससे करीब 15 गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को शहर आने-जाने में लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।
चौथी मंजिल पर चढ़ी गाय, करंट से भैंस की मौत
बारिश से बचने के लिए एक अनोखी घटना सामने आई जिसमें गोमतीनगर क्षेत्र में एक गाय चौथी मंजिल तक चढ़ गई। वहीं करंट लगे खंभे की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई। मड़ियांव क्षेत्र में तेज बारिश के बीच सड़क धंस गई और करीब 8 फीट गहरा गड्ढा बन गया।
घरों में घुसा पानी, पेड़ उखड़े
कई कॉलोनियों में पानी भर गया है। गोमतीनगर और अलीगंज जैसे पॉश इलाकों में भी घरों के बेडरूम तक पानी पहुंच गया। कई जगहों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात बाधित हुआ। नगर निगम की टीम जलनिकासी में जुटी है लेकिन लगातार बारिश से राहत नहीं मिल पा रही।
मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार को भी लखनऊ और आसपास के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। यलो अलर्ट जारी करते हुए बताया गया कि हवा की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 8 अगस्त तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। 9 अगस्त से मौसम में सुधार और धूप-छांव के आसार हैं।








