एवियन (फ्रांस)। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोमवार को एवियन शहर में 52वें G7 शिखर सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन किया। तीन दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेता वैश्विक सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और अमेरिका-ईरान संबंधों समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
सम्मेलन में सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पहुंचे। इसके बाद जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्त्ज, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी सहित कई वैश्विक नेता शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी G7 समिट में भाग लेने के लिए स्लोवाकिया से फ्रांस रवाना हो चुके हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सम्मेलन के दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात हो सकती है। यदि यह बैठक होती है तो दोनों नेताओं के बीच करीब 16 महीने बाद आमने-सामने बातचीत होगी।
G7 समूह में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमेरिका शामिल हैं। इसके अलावा यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि भी सम्मेलन में भाग लेते हैं। मेजबान फ्रांस ने भारत समेत कई अन्य देशों के नेताओं को भी विशेष आमंत्रण दिया है।
आमंत्रित नेताओं में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग और केन्या के राष्ट्रपति विलियम रुटो शामिल हैं।









