
- बुकिंग के बाद भी नहीं मिला सिलेंडर, उपभोक्ता परेशान
- आयोग ने डीएसओ और एजेंसी प्रबंधक को तलब किया
- सेवा में कमी मानते हुए 28 अप्रैल को सुनवाई तय
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर जिले में रसोई गैस सिलेंडर की डिलीवरी न होने का मामला उपभोक्ता फोरम तक पहुंच गया है। बुकिंग के बाद भी गैस न मिलने पर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने जिला पूर्ति अधिकारी और संबंधित गैस एजेंसी प्रबंधक को नोटिस जारी कर 28 अप्रैल को पेश होने का निर्देश दिया है।
13 मार्च को की थी बुकिंग
मामला मालीपुर निवासी ईश्वरचंद्र यादव से जुड़ा है। उनका गैस कनेक्शन जलालपुर स्थित श्रीनरसिंह भारत गैस एजेंसी में है। उपभोक्ता के अनुसार उन्होंने 13 मार्च को सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी डिलीवरी नहीं हुई।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कई बार एजेंसी प्रबंधक से संपर्क किया, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। इसके बाद खाद्य एवं रसद विभाग में भी शिकायत की गई, लेकिन वहां से भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
आयोग ने माना सेवा में कमी का मामला
लगातार परेशानी के बाद उपभोक्ता ने 16 अप्रैल को जिला उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई। मामले की सुनवाई करते हुए आयोग के अध्यक्ष गंगाराम ने इसे प्रथम दृष्टया सेवा में कमी और अनुचित व्यापारिक व्यवहार माना है।
28 अप्रैल को होगी अगली सुनवाई
आयोग ने डीएसओ शिवाकांत पांडेय और गैस एजेंसी प्रबंधक को नोटिस जारी कर तय तिथि पर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 28 अप्रैल को होगी।









