सहारनपुर में गीजर से निकली गैस बनी मौत की वजह

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बाथरूम में गीजर से निकलने वाली गैस के कारण एक महिला की मौत हो गई। यह घटना थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र की है। महिला नहाने के लिए बाथरूम गई थीं, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।

परिजनों के अनुसार, जब काफी देर तक अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया, जहां महिला बेहोशी की हालत में पड़ी हुई थीं।

अस्पताल ले जाने पर हुई मौत की पुष्टि

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन महिला को तुरंत गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में आशंका जताई है कि गीजर से गैस लीक होने के कारण बाथरूम में दम घुटने से महिला की मौत हुई है।

रोज दुकान पर जाती थीं महिला

मृतका की पहचान मोहल्ला कायस्थान निवासी पूनम (54) के रूप में हुई है। उनके पति अभय जैन पास में ही किराने की दुकान चलाते हैं। परिवार में पति-पत्नी के अलावा एक बेटी और एक बेटा हैं, जो नोएडा में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।

अभय जैन ने बताया कि उनकी पत्नी रोज सुबह दुकान पर आती थीं, लेकिन गुरुवार को जब वह नहीं पहुंचीं तो उन्हें चिंता हुई। कई बार फोन करने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो वह घर पहुंचे।

दरवाजा तोड़कर निकाला बाहर

अभय जैन के मुताबिक, घर पहुंचने पर उन्होंने पत्नी को काफी तलाशा, लेकिन वह कहीं नजर नहीं आईं। इसके बाद उनकी नजर बाथरूम पर गई, जहां दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया।

अंदर का दृश्य देखकर वह घबरा गए, क्योंकि पूनम फर्श पर बेहोशी की हालत में पड़ी थीं। तुरंत उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button