अंबेडकरनगर | दीपावली से पहले जिले के आवासहीन पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बड़ी राहत मिलने जा रही है। जिला प्रशासन ने जिले के 862 पात्र लाभार्थियों को योजना की पहली किस्त जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह लाभ विशेष रूप से दिव्यांगजनों, निराश्रित विधवाओं, आपदा प्रभावितों और कुष्ठरोगियों को केंद्र में रखकर दिया जा रहा है।
शासन के निर्देशानुसार, दीपोत्सव से पूर्व सभी पात्रों के खातों में प्रथम किस्त की धनराशि भेजी जाएगी, जिससे लाभार्थी अपने पक्के घर के निर्माण की शुरुआत कर सकें।
हर विकासखंड में चयन प्रक्रिया पूरी, अंतिम सूची तैयार
परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) अनिल सिंह ने बताया कि शासन से प्राप्त लक्ष्य के अनुसार सभी विकासखंडों में पात्रों का चयन पूरा कर लिया गया है और अंतिम सूची के आधार पर भुगतान प्रक्रिया शुरू हो गई है। लाभार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में धनराशि भेजी जाएगी।
ब्लॉकवार लाभार्थियों का विवरण
अकबरपुर विकासखंड में 148 लाभार्थियों को योजना की पहली किस्त दी जाएगी। इनमें 104 सामान्य वर्ग और 44 अनुसूचित जाति के पात्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 6 आपदा प्रभावित, 2 कुष्ठरोगी, 90 दिव्यांगजन और 50 निराश्रित विधवाएं इस सूची में शामिल हैं।








