- सोना ₹1,427 सस्ता होकर ₹95,718 प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा
- चांदी ₹5 महंगी होकर ₹1,05,290 प्रति किलो, बना नया रिकॉर्ड
- निवेशकों की मुनाफावसूली से आई बिकवाली
नई दिल्ली। 9 जून 2025 को सोने की कीमतों में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम ₹1,427 की गिरावट के साथ ₹95,718 पर आ गया है। इससे पहले यह ₹97,145 प्रति 10 ग्राम था।
हालांकि, चांदी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। 1 किलो चांदी का भाव ₹5 बढ़कर ₹1,05,290 पर पहुंच गया है, जो इसका अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। इससे पहले 21 अप्रैल को सोना ₹99,100 के उच्चतम स्तर पर पहुंचा था।
मुनाफावसूली के चलते गिरा सोना
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, सोना इस साल अब तक करीब 26% का रिटर्न दे चुका है, जिससे निवेशक मुनाफा बुक कर रहे हैं। इसी कारण बाजार में बिकवाली देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह गिरावट कुछ और दिनों तक जारी रह सकती है। हालांकि, वैश्विक तनाव और शादी के सीजन के चलते लॉन्ग टर्म में सोने की कीमतों में तेजी बनी रह सकती है।
इस साल अब तक ₹19,556 महंगा हुआ सोना
1 जनवरी 2025 को 24 कैरेट सोने की कीमत ₹76,162 थी, जो अब बढ़कर ₹95,718 हो गई है। यानी अब तक ₹19,556 की वृद्धि हुई है। वहीं, चांदी ₹86,017 प्रति किलो से बढ़कर ₹1,05,285 पर पहुंच गई है। पिछले साल 2024 में पूरे साल सोना ₹12,810 महंगा हुआ था।
सोना खरीदते समय इन 3 बातों का रखें ध्यान
1. सर्टिफाइड गोल्ड खरीदें:
हमेशा BIS हॉलमार्क वाला सोना ही लें। इस पर 6 अंकों का हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर (HUID) होता है, जैसे- AZ4524। इससे सोने की शुद्धता सुनिश्चित होती है।
2. कीमत की पुष्टि करें:
सोने की कीमत खरीद के दिन IBJA जैसी विश्वसनीय साइट्स से जरूर चेक करें। 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट की कीमत अलग-अलग होती है।
3. डिजिटल पेमेंट करें, बिल लें:
कैश की बजाय UPI, डेबिट/क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करें और पक्का बिल जरूर लें। अगर ऑनलाइन खरीदी है, तो पैकेजिंग को अच्छी तरह चेक करें।








