
देश : सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। पश्चिम एशिया में तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच निवेशकों का रुझान एक बार फिर कीमती धातुओं की तरफ बढ़ता दिखाई दिया। घरेलू बाजार से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक दोनों धातुओं में मजबूत खरीदारी दर्ज की गई।
एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार के दौरान चांदी के दाम में बड़ी छलांग देखने को मिली। जुलाई डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र के मुकाबले तेज बढ़त के साथ खुली और शुरुआती कारोबार में 2,52,000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। वहीं सोना भी मजबूती के साथ खुला और 10 ग्राम का भाव 1,52,000 रुपये के पार चला गया। सुबह के कारोबार में दोनों धातुएं लगातार बढ़त बनाए हुए थीं।
सर्राफा बाजार में भी सोने और चांदी के दामों में तेजी दर्ज की गई। 24 कैरेट सोने का भाव 1,51,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ऊपर पहुंच गया, जबकि चांदी 2,65,000 रुपये प्रति किलो के स्तर पर कारोबार करती दिखाई दी। दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में निवेशकों और ग्राहकों की खरीदारी बढ़ी है।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक आर्थिक अस्थिरता की वजह से निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ रहे हैं। यही कारण है कि सोना और चांदी दोनों में तेजी देखने को मिल रही है।









