
मुरादाबाद। प्रदेश सरकार के बजट में मुरादाबाद को बड़ी शैक्षणिक सौगात मिली है। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए सरकार ने 50 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। बजट जारी होने के बाद विश्वविद्यालय के स्थायी वजूद का रास्ता साफ हो गया है और अब इसके लिए विधिवत अपना कैंपस तैयार किया जा सकेगा।
फिलहाल गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय का संचालन पॉलिटेक्निक कॉलेज की बिल्डिंग से किया जा रहा है। सरकार की ओर से बजट आरक्षित किए जाने के बाद अब विश्वविद्यालय के लिए अलग और पूर्ण सुविधाओं वाला परिसर विकसित किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा पहले ही विश्वविद्यालय के लिए भूमि का चयन किया जा चुका है और उस स्थान पर निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो गया है।
रामगंगा पार हरदासपुर क्षेत्र में गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय का नया परिसर तैयार किया जा रहा है। इससे पहले भी वित्त विभाग की ओर से इसके निर्माण के लिए बजट जारी किया गया था, लेकिन अब 50 करोड़ रुपये की नई किस्त मिलने से निर्माण कार्य में और तेजी आने की उम्मीद है।
जिले के डीएम अनुज सिंह विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं, ताकि तय समय सीमा में परियोजना पूरी हो सके। शासन ने विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए जुलाई 2026 तक की समय सीमा निर्धारित की है। निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए शासन स्तर पर बजट और प्रगति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
विश्वविद्यालय के निर्माण से मुरादाबाद और आसपास के जिलों के छात्रों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को नई गति मिलेगी।









