मुंबई । सोने और चांदी के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच गुरुवार (21 नवंबर) को बाजार में दोनों की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक 10 ग्राम सोने का भाव 412 रुपए टूटकर 1,22,149 रुपए पर आ गया है। इससे पहले यह कीमत 1,22,561 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
वहीं चांदी के दामों में भी आज बड़ी गिरावट देखने को मिली है। एक किलो चांदी का भाव 2,738 रुपए सस्ता होकर 1,51,375 रुपए पर पहुंच गया। बुधवार को यह 1,54,113 रुपए प्रति किलो था।
गौरतलब है कि 17 अक्टूबर को सोने ने 1,30,874 रुपए तथा 14 अक्टूबर को चांदी ने 1,78,100 रुपए प्रति किलो का अपना ऑल-टाइम हाई बनाया था।
शहरों में अलग-अलग दाम क्यों?
IBJA द्वारा जारी किए गए रेट में 3% GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होता, इसलिए अलग-अलग शहरों में सोने-चांदी के रेट अलग दिखाई देते हैं। RBI सोवरेन गोल्ड बॉन्ड की दर तय करने के लिए इन्हीं रेट्स का उपयोग करता है, जबकि कई बैंक गोल्ड लोन रेट निर्धारित करने में इसका सहारा लेते हैं।
इस साल सोना ₹46 हजार और चांदी ₹65 हजार महंगी
इस साल सोने की कीमत में अब तक 45,987 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब बढ़कर 1,22,149 रुपए हो गया है।
चांदी भी इस अवधि में 65,358 रुपए महंगी हुई है। पिछले साल के अंत में एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 1,51,375 रुपए पर पहुंच गई है।
आगे भी रहेगा उतार-चढ़ाव
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में सोने के दामों में अस्थिरता बनी रह सकती है। हालांकि शादी-ब्याह का सीजन शुरू होने से सोने की मांग बढ़ेगी, जिससे कीमतों को सपोर्ट मिलेगा। अनुमान है कि आने वाले दिनों में सोना एक बार फिर 1.25 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर को छू सकता है।








