अम्बेडकरनगर। टाण्डा-अकबरपुर मार्ग स्थित खेतापुर में नवनिर्मित 100 बेड की क्षमता वाला मेडिसिटी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं कैंसर केयर सेंटर रविवार को भव्य रूप से उद्घाटित किया गया। उद्घाटन अवसर पर प्रशासनिक और पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों, नेताओं और समाजसेवियों की मौजूदगी रही।
हॉस्पिटल उद्घाटन में अम्बेडकरनगर के पूर्व जिलाधिकारी और केस्को कानपुर के प्रबंध निदेशक सैमुअल पॉल (IAS), कानपुर नगर की डीएफओ दिव्या अग्रवाल (IFS), वर्तमान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला (IAS), पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर (IPS) और बहराइच के डीएफओ सुंदरेश (IFS) उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया और परिसर का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला का बयान
जिलाधिकारी ने कहा, “मेडिसिटी के शुभारंभ से अम्बेडकरनगर और आसपास के जिलों के लाखों लोगों को अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी इलाज की सुविधा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होगी। गंभीर बीमारियों में समय पर उपचार संभव होगा। यहां बहुत जल्द सभी सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद मरीजों को मिलना शुरू हो जाएगा।”
उन्होंने आगे बताया, “जनपद में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। गोल्डन हार्स के दौरान मरीजों के जीवन बचाने के लिए जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज को ट्रामा सेंटर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। बेवाना (पूर्वांचल एक्सप्रेसवे) और राजेसुल्तानपुर (गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे) में भी ट्रामा सेंटर का प्रस्ताव रखा गया है।”








